Monday, March 21, 2011

Bachao..Bachao UP Ko Bachao.....

 (सुशील अवस्थी "राजन")     हाँ मैंने यू.पी. याने उत्तर प्रदेश को बचाने की गुहार लगाई है ..... कि बचाओ ...बचाओ ....| हमारा प्रदेश हमारी कमजोरियों के कारण लुट रहा है| विकास नापने तोलने के जितने पैमाने होते हैं, हम हर पैमाने पर फिसड्डी ही hain | आंकड़े हम नहीं चस्पा कर पाएंगे ,क्योंकि आंकड़ो से विचारों की लयबद्धता कुंद हो जाती है,पर सत्य है कि मंदिर- मस्जिद, हिन्दू -मुस्लिम, जाति -पांति, की संकीर्णता ने हमारा बेड़ा गर्क किया है | इक्कीसवीं शताब्दी में.. जब  सारी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है, ओबामा जैसा ....ताकतवर मुल्क अमेरिका का राष्ट्रपति अपने देश के लोगों को रोजगार देने के लिए भारत की यात्रा करता है,उसी मुल्क के एक प्रमुख प्रान्त उत्तर प्रदेश में शाम होते ही गाँव,क़स्बे और शहर सब अंधकार की चपेट में होते हैं|बिजली के खम्भे होते हैं... उनपर झूलते तार भी होते हैं ...पर बिजली नहीं | तमसो मा ज्योतिर्गमय ...मतलब अंधकार से प्रकास  की ओर ले चलने की हमारी झूठी कामना आज तक पूरी न हो सकी | 
       मै अपनी और किसी लाचारी या बेचारगी का जिक्र नहीं करना चाहूँगा, कि स्कूल,अस्पताल,कल कारखानें,सड़कें,नहरें,पेयजल आपूर्ति,कानून व्यवस्था सब अपनी बदहाली  पर आंसू बहा रहे हैं| प्रकाश  व्यवस्था का जिक्र करना इसलिए भी मै जरुरी समझता हूँ, क्योंकि अंधकार यानी अज्ञानता से लड़ने में प्रकाश ज्ञान का प्रतीक है|
       इन अव्यवस्थाओं के लिए नादान लोग मायावती को दोषारोपित कर रहे हैं| माया काफी हद तक जिम्मेदार  हैं पर पूरी तरह से नहीं|प्रदेश की हालत सुधारने के लिए उनके पास पर्याप्त अवसर था, पर उसका इस्तेमाल उन्होंने अपनी संकीर्ण राजनीति चमकाने में किया न कि प्रदेश के हालात सुधारने में|माया के लोग इन हालातों के लिए मुलायम,राजनाथ,कल्याण को भी दोषी बताएं तो वह भी सही ही है|
       वास्तव में इन हालातों के लिए सबसे ज्यादा जिम्मेदार हम और आप हैं|विकास की राजनीति को हमने आपने ही तवज्जो नहीं दी उसी का प्रतिफल है प्रदेश के ये हालात|जातिवाद की राजनीति में पगे बयान और नेता हमें पसंद आते रहे, हम उन्हें अपना कीमती वोट सौपते रहे,और जातिवाद का दानव मजबूत होता गया|आज उसी दानव ने सारी व्यवस्था को अपनी आगोश में ले लिया है| यदि जातिवाद के इस दानव के जन्मदाता और पालक हम हैं,तो हमें ही इसके वध के लिए भी आगे आना होगा| यही हम यूपी वासियों का वास्तविक प्रायश्चित होगा|बिहार के लोगों ने यह प्रायश्चित किया है,क्या हम और आप करने को तैयार हैं?
     

No comments:

Post a Comment